जबलपुर। क्राइम ब्रांच तथा लार्डगंज और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 15 किलो 217 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 7 लाख 60 हजार 850 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
भूलन बस्ती में तीन आरोपी पकड़े गए……..
लार्डगंज थाना क्षेत्र में 11 अक्टूबर को गश्त के दौरान क्राइम ब्रांच और लार्डगंज पुलिस की टीम को भूलन बस्ती में रेलवे पटरी के किनारे मंदिर के पास तीन युवक पीठ पर बैग टांगे बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम 25 वर्षीय निखिल मांझी, 20 वर्षीय प्रकाश उर्फ छोटू रजक और 19 वर्षीय समीर बर्मन बताए। तलाशी के दौरान दो बैगों में कपड़ों के बीच खाकी टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें 10 किलो 217 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 10 हजार 850 रुपये आंकी गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पनागर निवासी मोंटी शर्मा के कहने पर ओडिशा के हरिशंकर रोड से गांजा लाते थे। इसके बदले उन्हें प्रत्येक खेप के दो हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास दो आरोपी गिरफ्तार……
दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 अक्टूबर की रात गढ़ा रेलवे स्टेशन के सामने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पुलिस के अनुसार, दोनों पीठ पर बैग टांगे स्टेशन से बाहर आ रहे थे और पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर भागने लगे। घेराबंदी कर पकड़े गए युवकों की पहचान 21 वर्षीय आदित्य पटेल और 22 वर्षीय पीयूष कुशवाहा निवासी नई बस्ती, गोहलपुर के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के बैग से एक-एक पैकेट गांजा मिला। कुल पांच किलो गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के कांटाबांजी क्षेत्र के बेलपुरा निवासी आमिर नामक व्यक्ति से गांजा लेकर आने की बात बताई। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया