जबलपुर। हनुमान ताल थाना अंतर्गत शहर के झण्डा चौक (प्रेमसागर) स्थित दुर्गा पण्डाल के पास ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 9 जुआरियों को जबलपुर पुलिस ने सोमवार को रंगे हाथों पकड़ लिया। ओमती, सिविल लाइन, हनुमानताल और घमापुर थानों के संयुक्त बल ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई में 67 हजार 450 रुपए नकद, 8 मोबाइल, ताश की गड्डी, एक कार और दो दोपहिया वाहन जप्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुर्गा पण्डाल के पास कुछ लोग जुआ खेलकर अवैध कमाई कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक कराने पर वह सही पाई गई, जिसके बाद योजना बनाकर चारों थानों के बल के साथ दबिश दी गई।पकड़े गए आरोपियों में 28-वर्षीय सौरभ केवट (बरउ मोहल्ला), 28-वर्षीय निखिल सोनी (साउथ मिलौनीगंज गोहलपुर), 37-वर्षीय मोन्टल पासी (बम्बा देवी मंदिर के पास घमापुर), 30-वर्षीय लल्ला उर्फ सचिन अहिरवार (झण्डा चौक प्रेमसागर हनुमानताल), 29-वर्षीय सुरजीत सिंह (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिविल लाइन), 42-वर्षीय अशोक प्रजापति (रज्जन डेरी घमापुर), 25-वर्षीय सिद्धार्थ सोंधा (ओम कला मंदिर के पीछे घमापुर), 27-वर्षीय जय चौहान (दक्षिण मिलौनीगंज गोहलपुर) और 28-वर्षीय ताज बेग (पठानी मोहल्ला पनागर) शामिल हैं। जुआरियों के पास और फड़ से नकदी व मोबाइल मिले, जबकि कार (एमपी 20 एक्सी बी 1067) और दोनों दोपहिया वाहन (एमपी 20 जेडएन 8052 व एमपी 20 एक्स एच 3761) भी जप्त किए गए। सभी के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई।
–