एमपी ट्रांसको ने 23 वर्ष पुराने पावर ट्रांसफार्मर की इन-हाउस रिकंडीशनिंग कर किया पुनर्स्थापित

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने आगामी रबी सीजन की विद्युत मांग को देखते हुए सागर जिले के 132/33 केवी सबस्टेशन राहतगढ़ में रिकंडीशनिंग के बाद 40 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। इससे सबस्टेशन की स्थापित क्षमता 40 से बढ़कर 80 एमवीए हो गई है, जबकि एमपी ट्रांसको की कुल पारेषण क्षमता बढ़कर 85,628 एमवीए हो गई है।लगभग 23 वर्ष पुराना यह ट्रांसफार्मर इससे पहले मनसकरा, जबलपुर और अमरपाटन, मैहर में सेवाएं दे चुका है। एमपी ट्रांसको ने इसकी इन-हाउस रिकंडीशनिंग में गास्केट बदलने, ऑयल लीकेज दूर करने, वैक्यूम प्रक्रिया और इंसुलेटिंग ऑयल बदलने सहित आवश्यक तकनीकी जांच की। साथ ही प्रोटेक्शन उपकरणों की सर्विसिंग, आवश्यकतानुसार बदलाव, री-कैलिब्रेशन और निर्धारित सेटिंग्स का सत्यापन किया गया। परीक्षणों के बाद ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया।