जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास रविवार को शराब से भरी बोरियां लेकर खड़े 23-वर्षीय अर्जुन धीमर को जीआरपी ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। त्योहारों की भीड़ के मद्देनजर स्टेशन पर चल रही चैकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। आरोपी के कब्जे से देशी मदिरा प्लेन के 199 और मसाला के 100 पाव, कुल 299 पाव अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 26 हजार 24 रुपए है।
थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि 11 अक्टूबर को प्लेटफॉर्म चैकिंग के दौरान स्टाफ को सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पास एक व्यक्ति अवैध शराब से भरी बोरियां लेकर खड़ा है। टीम ने तत्काल पहुंचकर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन धीमर पिता कालीचरण धीमर, निवासी देवरी कला, थाना कोतवाली, जिला नरसिंहपुर बताया। तलाशी में शराब बरामद हुई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने शराब लाने और आगे पहुंचाने के संबंध में कुछ लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।