मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 23 घायल4 की हालत गंभीर, अवैध सवारी परिवहन पर फिर उठे सवाल

जबलपुर/ मध्य प्रदेश के जिले जबलपुर की। सिहोरा तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। मजदूरों से भरी एक पिकअप ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 23 मजदूर घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8 बजे मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप सिहोरा मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया।

क्षमता से अधिक मजदूर भरे थे वाहन में

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक मजदूर सवार थे। मालवाहक वाहन में इस तरह लोगों को भरकर ले जाना न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान को भी गंभीर खतरे में डालता है।

हर हादसे के बाद कार्रवाई के दावे, फिर वही हालात

जिले में ओवरलोड पिकअप वाहनों के हादसे लगातार सामने आते रहे हैं। इसके बावजूद सड़कों पर मालवाहक वाहनों में मजदूरों का परिवहन खुलेआम जारी है। परिवहन विभाग और पुलिस की कार्रवाई अक्सर हादसे के बाद तक ही सीमित रह जाती है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सिहोरा थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं परिवहन विभाग ने भी ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने की बात कही घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मालवाहक पिकअप में मजदूरों के परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाए, अवैध रूप से मजदूरों को ढोने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई हो तथा नियमित जांच नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।