जबलपुर। शहर की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक श्री जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा महोत्सव इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को आयोजित होगा। वर्ष 1890 से निरंतर आयोजित हो रही 137वीं ऐतिहासिक रथ यात्रा का आयोजन वात्री साहू समाज द्वारा संचालित श्री जगदीश स्वामी कर्मा माई शंकर भगवान मंदिर ट्रस्ट, लार्डगंज, जबलपुर द्वारा किया जा रहा है।
रथ यात्रा साहू धर्मशाला, गढ़ा फाटक स्थित अस्थायी मंदिर से दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगी। यात्रा शंकर घी भंडार, चरहाई, बड़ा महावीर, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, कोतवाली, मिलौनीगंज और हनुमानताल होते हुए श्री सिंहवाहिनी मंदिर, बड़ी खेरमाई मंदिर, भानतलैया पहुंचेगी, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन होगा।
रथ यात्रा का शुभारंभ ट्रस्ट के रिसीवर तहसीलदार अधारताल एवं प्रमुख मुखिया महते, राजेंद्र प्रसाद साहू द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ के पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन (गुड्डा) होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महंत राजेंद्र प्रसाद साहू (मुखिया), पूर्व महापौर प्रभात साहू, मध्यप्रदेश तेलघानी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रविकरण साहू तथा नगर निगम एमआईसी सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं, माताओं, बहनों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि साहू समाज की एकजुटता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक है। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।
वात्री साहू समाज महिला मंडल से भी विशेष अनुरोध किया गया है कि सभी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नारी शक्ति, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दें।
भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा की वापसी 29 जुलाई 2026 (बुधवार) शाम 5 बजे सिंहवाहिनी मंदिर, खेरमाई से प्रारंभ होकर हनुमानताल, मिलौनीगंज, कोतवाली, कमानिया गेट, बड़ा फुहारा और चरहाई होते हुए साहू धर्मशाला, गढ़ा फाटक पहुंचेगी।