7 किलो से अधिक गांजा जब्त**

जबलपुर। सिवनी से यात्री बस में गांजा लेकर जबलपुर आ रहे एक 23 वर्षीय युवक को क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 58 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गांजे की सप्लाई और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 22 से 25 वर्ष का एक युवक काले रंग की जैकेट और ग्रे पैंट पहने सिवनी की ओर से पवन बस में बरगी आ रहा है। उसके पास बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ है। सूचना पर क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए एनएच-34 स्थित सागर ढाबे के पास वाहन चेकिंग शुरू की।कुछ देर बाद सिवनी की ओर से पवन बस क्रमांक एमपी 50 जेडके 1297 पहुंची। पुलिस ने बस रुकवाकर तलाशी ली तो मुखबिर के बताए हुलिए का युवक उसमें बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक बर्मन पिता सरमन बर्मन, उम्र 23 वर्ष, निवासी प्रेमसागर झंडा चौक, थाना हनुमानताल बताया। पुलिस ने उसे सामान सहित बस से उतारकर तलाशी ली तो उसके पिट्ठू बैग और प्लास्टिक की पन्नी में चार पैकेटों में गांजा रखा मिला। तौल कराने पर कुल वजन 7 किलो 158 ग्राम निकला।पुलिस ने गांजा और मोबाइल जब्त कर आरोपी दीपक बर्मन के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।