जबलपुर। शहर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में मंगलवार दोपहर धर्मांतरण के आरोपों को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। हिंदू संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता स्कूल परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी हुई। सूचना मिलते ही कैंट, गोरा बाजार और गोरखपुर थाना पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि स्कूल में कार्यरत कुछ हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने या प्रताड़ित करने की धमकी दी जाती है। संगठन का दावा है कि कर्मचारियों की शिकायत मिलने के बाद ही कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे थे।
कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप……….
स्कूल में कार्यरत रहे सफाई कर्मचारी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि वह पिछले 12 वर्षों से स्कूल में कार्यरत था। पिछले लगभग तीन माह से उस पर चर्च जाकर प्रार्थना करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उससे रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी काम कराया जाता था। राजेश का कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसे बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया।
करीब एक घंटे तक चला हंगामा…………
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक स्कूल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और परिसर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर किया और स्थिति को सामान्य बनाया।
पुलिस जांच में जुटी…………
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हिंदू संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि धर्म परिवर्तन के ऐसे आरोप दोबारा सामने आए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।