जबलपुर। जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देने और मौजूदा विमान सेवाओं को नियमित एवं स्थायी बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में वायुसेवा संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें पुणे, इंदौर, चेन्नई, अहमदाबाद, पटना, कोच्चि और गोवा सहित देश के प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बैठक के बाद इंडिगो एयरलाइंस के उच्च सेल्स प्रबंधन से दूरभाष पर चर्चा की। बातचीत में जबलपुर से बंद की गई इंदौर की उड़ान को पुनः शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही जबलपुर के लिए नए रूट और कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
समिति के अनुसार इंडिगो प्रबंधन ने चर्चा के दौरान जबलपुर को अहमदाबाद वाया इंदौर, गोवा वाया इंदौर, पुणे वाया इंदौर और कोलकाता वाया इंदौर से जोड़ने के प्रस्ताव पर जानकारी दी। एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि इन रूटों से पर्याप्त यात्री संख्या मिलने की संभावना है और जबलपुर की कई प्रमुख शहरों तक कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जा सकेगी।समिति का कहना है कि जबलपुर महाकौशल का प्रमुख व्यापारिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, पर्यटन एवं प्रशासनिक केंद्र है। ऐसे में बेहतर हवाई संपर्क केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के विस्तार से भी सीधे जुड़ा हुआ है।हिमांशु खरे ने बताया कि पुणे, इंदौर, पटना, चेन्नई और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानों की मांग को प्राथमिकता के साथ संबंधित एयरलाइंस एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा। इसके साथ ही जबलपुर से वर्तमान में संचालित उड़ानों की नियमितता और स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए भी एयरलाइंस से लगातार संवाद किया जाएगा।समिति द्वारा नए हवाई मार्गों के लिए यात्री मांग, संभावित यात्री संख्या तथा क्षेत्र की व्यावसायिक जरूरतों से संबंधित तथ्य और आंकड़े जुटाकर इंडिगो सहित अन्य एयरलाइंस के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। समिति का मानना है कि ठोस यात्री आंकड़ों और क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता के आधार पर नए रूट के लिए एयरलाइंस को प्रभावी ढंग से प्रस्ताव दिया जा सकेगा।
जनप्रतिनिधियों और संगठनों को साथ लेकर चलेगा अभियान
वायुसेवा संघर्ष समिति ने जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वित प्रयास करने का निर्णय लिया है। समिति एयरलाइंस और संबंधित विभागों के साथ होने वाली चर्चाओं तथा उनमें हुई प्रगति की नियमित समीक्षा भी करेगी।बैठक एवं अभियान में बलदीप मैनी, गीता शरत तिवारी, हिमांशु राय, डॉ. अंजना तिवारी, मनु शरत तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, आई.के. खन्ना, अभिषेक जैन और आदित्य जैन सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।समिति ने कहा कि जबलपुर को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई कनेक्टिविटी दिलाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य महाकौशल क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए हवाई संपर्क का विस्तार करना है।