दीपावली पर महाकौशल क्षेत्र की पारेषण व्यवस्था का जायजा लेने 220 केवी सबस्टेशन नयागांव पहुंचे एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक

जबलपुर। रोशनी के पर्व दीपावली पर पीक लोड आवर्स के दौरान महाकौशल क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी जबलपुर स्थित 220 केवी सबस्टेशन नयागांव पहुंचे। उन्होंने सबस्टेशन में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए महाकौशल क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में विद्युत मांग और आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।श्री तिवारी ने जनरेटिंग स्टेशनों से आने वाली विद्युत आपूर्ति, ट्रांसमिशन लाइनों पर लोड तथा उनकी ट्रिपिंग संबंधी जानकारी ली। उन्होंने सबस्टेशन में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों और विभिन्न फीडरों पर विद्युत भार की स्थिति का भी जायजा लिया। विशेष रूप से जबलपुर में इस सबस्टेशन से निकलने वाले 33 केवी फीडरों पर लोड और ट्रिपिंग की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

प्रबंध संचालक ने सबस्टेशन के ऑपरेटर्स से 220 केवी सबस्टेशन के संचालन, विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं और विद्युत आपूर्ति की निगरानी से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत पारेषण व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान आने पर उसे न्यूनतम समय में सामान्य करने के लिए तत्परता से कार्य किया जाए।

इस अवसर पर श्री  सुनील तिवारी ने सबस्टेशन में उपस्थित सभी कार्मिकों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।इस दौरान जबलपुर टेस्टिंग सर्किल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री आर.सी. शर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री सुनील यादव, कार्यपालन अभियंता, टेस्टिंग डिवीजन-एक, जबलपुर  चेतन यादव, सहायक अभियंता श्री पूर्णेन्दु कुमार दीवांगन, सहायक अभियंता (टेस्टिंग) श्री शरद कुमार भजीपाले, 220 केवी सबस्टेशन जबलपुर के सहायक अभियंता श्री सुनील शुक्ला तथा सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) श्री निशांत सोनी सहित अन्य कार्मिक उपस्थित थे।