पुलिस पेंशनर्स और उनके परिवारों के लिए लगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

जबलपुर। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में बड़ेरिया मेट्रो प्राइम अस्पताल, एएसजी आई हॉस्पिटल और पुलिस अस्पताल जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिस परिवार के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल ने भी स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल द्वारा दीपावली के अवसर पर पुलिस पेंशनर्स के लिए ‘सदैव साथ’ अभियान के तहत इस शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों की ब्लड शुगर, ईसीजी, कोलेस्ट्रॉल सहित आंख, कान, हड्डी एवं जोड़ों, किडनी, लीवर और दांतों से संबंधित जांचें की गईं। चिकित्सकों ने जांच के बाद आवश्यक परामर्श देते हुए बेहतर स्वास्थ्य के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।

स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बड़ेरिया मेट्रो प्राइम अस्पताल के क्रिटिकल केयर एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश सुरकर, डॉ. विष्णु नामबितीरी (जनरल मेडिसिन), एएसजी आई हॉस्पिटल के डॉ. दीपक आदर्श तथा पुलिस अस्पताल जबलपुर के डॉ. हृदयनारायण मिश्रा सहित चिकित्सकीय स्टाफ ने सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक जांच और उपचार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्य करते हैं। लगातार व्यस्त और चुनौतीपूर्ण कार्यप्रणाली के बीच उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल भी बेहद जरूरी है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवार के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने बड़ेरिया मेट्रो प्राइम अस्पताल, एएसजी आई हॉस्पिटल और पुलिस अस्पताल के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में एएसजी आई हॉस्पिटल के नीतेश जायसवाल एवं मोहम्मद इकबाल, डीएसपी लाइन दिनेश मर्सकोले, रक्षित निरीक्षक जे.पी. आर्य, रक्षित निरीक्षक अमित शिववंशी तथा सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक अखिल वर्मा, सुनील नेमा, आर.एस. कालरा, प्रफुल्ल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।