जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए जबलपुर पुलिस ने 19 सितंबर की रात से 20 सितंबर तड़के तक विशेष कांबिंग गश्त की। शहर और देहात के थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की।अभियान के दौरान 110 गैर-जमानती वारंट, 66 गिरफ्तारी वारंट और 49 जमानती वारंट, कुल 225 वारंट तामील किए गए। लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, नगर पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों और थाना प्रभारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीमों ने जिलेभर में कार्रवाई की। इस दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की जांच के साथ देर रात आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाने में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की भी जांच की गई।पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।