कान्हा-बांधवगढ़ महाकौशल में, रेस्क्यू सेंटर उज्जैन में क्यों!डेस्टिनेशन कैबिनेट के निर्णय पर मंच की आपत्ति

जबलपुर। कान्हा किसली, बांधवगढ़ और सोनेवानी जैसे अभ्यारण्य महाकौशल क्षेत्र में हैं, लेकिन वन्यप्राणी रेस्क्यू एवं पुनर्वास सेंटर उज्जैन में बनाने का निर्णय लिया गया है। इस पर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने आपत्ति जताई है। मंच ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की। पत्र की प्रतिलिपि कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और वीरेन्द्र शुक्ला को भी भेजी गई है।मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने बताया कि 18 नवंबर को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठक में उज्जैन में रेस्क्यू एवं पुनर्वास सेंटर स्थापित करने का फैसला हुआ। उनका कहना है कि निर्णय के समय प्रदेश के बड़े वन्यप्राणी अनुभव क्षेत्रों (कंजर्वेशन रिजर्व) और अभ्यारण्यों वाले महाकौशल की अनदेखी की गई। कान्हा किसली, बांधवगढ़ और सोनेवानी ने प्रदेश का महत्व बढ़ाया है, इसलिए महाकौशल के संबंध में भी विचार किया जाना चाहिए था।मंच ने कहा कि जबलपुर, रीवा, मंडला, डिंडौरी, नरसिंहपुर, बालाघाट और छिंदवाड़ा जैसे जिले रेस्क्यू एवं पुनर्वास सुविधा के लिए अनुकूल हैं और यहां जगह भी उपलब्ध है। इन क्षेत्रों में अभ्यारण्य होने के कारण ऐसे केंद्रों की आवश्यकता भी है। मंच ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चल रहे “एक ही डेस्टिनेशन” के सिलसिले के कारण अन्य क्षेत्रों की अनदेखी हो रही है।बैठक में डॉ. पी.जी. नाजपांडे, रजत भार्गव, एड. वेदप्रकाश अधौलिया, मनीष शर्मा, अशोक यादव, सुशीला कनौजिया, गीता पांडे, यशवंत कोष्टा, डी.आर. लखेरा, पी.एस. राजपूत और श्याम सोलंकी आदि उपस्थित थे।