जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलवारा पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर कमर में पिस्टल खोंसकर संदिग्ध हालत में घूम रहा था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में तिलवारा पुलिस ने यह कार्रवाई की।थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजनामठ संग्राम सागर हनुमान मंदिर के पास जेडीए कॉलोनी में एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है और उसने कमर में पिस्टल खोंस रखी है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित रैकवार (22), पिता रमेश चंद रैकवार, निवासी वृंदावन की गली, राम मंदिर, दीक्षितपुरा कोतवाली तथा वर्तमान पता मांडवा बस्ती, टेंडर-2 गोरखपुर बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर के पीछे एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में दो कारतूस लोड थे। पुलिस ने पिस्टल और दोनों कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
हथियार कहां से मिला, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने अवैध पिस्टल और कारतूस कहां से तथा किसके माध्यम से प्राप्त किए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत चार अपराध दर्ज हैं।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिनेश डेहरिया तथा आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, राहुल सनोडिया और लखन गोलकर की सराहनीय भूमिका रही।