पार्षद पुत्र राजवीर आनंद पर अपहरण की कोशिश और पिस्टल की बट से मारपीट का मामला दर्ज

जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित बीमा अस्पताल के समीप एक युवक पर पिस्टल की बट से जानलेवा हमला करने और अपहरण की कोशिश के मामले में पुलिस ने भाजपा पार्षद लवलीन आनंद के बेटे राजवीर आनंद और उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोप है कि राजवीर अपनी गर्लफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा था। पहले समझौते के बहाने युवक को बुलाया और जब बात नहीं बनी तो उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर पिस्टल की बट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।पुलिस के मुताबिक, कांचघर स्थित बीमा अस्पताल के सामने रहने वाले 29 वर्षीय कौशल सिंह राजपूत खेती-किसानी करते हैं। 20 नवंबर की रात करीब पौने 12 बजे खाना खाने के बाद वे अपने घर के सामने टहल रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते ग्रे रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार से राजवीर आनंद अपनी साथी रवीसा साहनी और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा।

आरोप है कि कार से उतरते ही आरोपियों ने कौशल को घेर लिया और पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान राजवीर ने कथित तौर पर देशी पिस्टल कौशल के गले पर अड़ा दी और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। खतरे को भांपते हुए कौशल ने खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर कई वार कर दिए। हमले में कौशल गंभीर रूप से घायल हो गया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कौशल को जान से मारने की धमकी देते हुए कार से फरार हो गए। अगले दिन 21 नवंबर को घायल कौशल सिविल लाइन थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा, जहां से बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।