26 नवंबर को जबलपुर में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च, कांग्रेस ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

जबलपुर। भारतीय संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और नागरिक अधिकारों के संरक्षण के संकल्प के साथ आगामी 26 नवंबर को जबलपुर में कांग्रेस द्वारा संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। मार्च को व्यापक और प्रभावी स्वरूप देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मदन महल स्थित गुलजार होटल में संपन्न हुई। बैठक में मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, तरुण भनोट सहित शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक में संविधान रक्षा मार्च को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। मार्च के मार्ग, अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता, संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्धारण और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने तय किया कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाते हुए आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ेंगे।इस अवसर पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। इसी संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार दिया है। संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा करना किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस समतामूलक, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक भारत का सपना देखा था, उसकी रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा प्रतिबद्ध रही है। आज जरूरत इस बात की है कि संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए और लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा नागरिक अधिकारों की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर के मार्च में पूरी ऊर्जा, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ शामिल होने का आह्वान किया।जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक समरसता के संरक्षण का जन अभियान है। इसे सफल बनाने के लिए शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम एवं सेक्टर अध्यक्षों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल सहित सभी संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।उन्होंने कहा कि 26 नवंबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह अवसर हमें संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने की प्रेरणा देता है।बैठक में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित कर व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा। कांग्रेस ने सामाजिक संगठनों, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले सभी नागरिकों से भी 26 नवंबर को मार्च में शामिल होने की अपील की है।

ये नेता रहे मौजूद
बैठक में सज्जन सिंह वर्मा, लखन घनघोरिया, तरुण भनोट, संजय शर्मा, राजकुमार खुराना, कौशल्या गोटिया, अमरीश मिश्रा, आलोक मिश्रा, विष्णु शंकर पटेल, अभिषेक चौकसे, सम्मति सैनी, राजेश पटेल, कादिर सोनी, रमेश चौधरी, राधेश्याम चौबे, गीता तिवारी, प्रियंका सोनी, सोनू दुबे, राजेश तिवारी, विक्रम सिंह, शिव नामदेव, बलवंत सिंह गुर्जर, सरबजीत सिंह रील, अतुल बाजपेई, चतुर सिंह लोधी, रितेश बंटी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।