जबलपुर। शहर के केंट थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित मारपीट और मोबाइल फोन छीनने का मामला गरमा गया है। घटना के चार घंटे से अधिक समय गुजरने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने और घायल अधिवक्ता का मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने से जिला अधिवक्ता संघ में भारी आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र एफआईआर दर्ज कर दोषी आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो मौके पर धरना दिया जाएगा। इतना ही नहीं, विरोध स्वरूप न्यायालय परिसर में पुलिस के प्रवेश पर रोक लगाने की बात भी कही गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता देवेंद्र नाथ पंकज ने केंट थाने में पदस्थ आरक्षक भूपेंद्र पटेल पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता के मुताबिक, विवाद के दौरान उन्होंने घटना की मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद आगे जाकर उनका वाहन रुकवा लिया गया। आरोप है कि कार का कांच खोलते समय आरक्षक ने उनके साथ मारपीट की और कॉलर पकड़कर वाहन से बाहर खींच लिया। इस दौरान उनकी नाक से खून निकलने लगा। अधिवक्ता ने आरक्षक पर उनका मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया है।
मौके पर पहुंचे अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। सचिव ने पुलिस की कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया। पुलिस अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश लेने की बात कहकर कार्रवाई टाल रहे हैं।
अधिवक्ता संघ का आरोप है कि संबंधित आरक्षक अधिवक्ता का मोबाइल लेकर अब तक थाने नहीं पहुंचा है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही नियमानुसार एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए थी और घायल अधिवक्ता का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए था। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई में बरती जा रही देरी कई सवाल खड़े कर रही है।
फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।