शक्ति भवन में एमपी ट्रांसको की महिला कार्मिकों ने वंदे मातरम् से बांधा समां


जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की महिला कार्मिकों की टीम ने शक्ति भवन, में आयोजित विद्युत कंपनियों के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की सुमधुर और गरिमामय प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उत्कृष्ट गायन शैली और अनुशासित प्रस्तुति के कारण एमपी ट्रांसको की टीम को इस समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
कार्यपालन अभियंता श्रीमती क्षमा शुक्ला, श्रीमती अमृता शिवहरे, श्रीमती अदिति धुर्वे, आईटी सेल की प्रोग्रामर श्रीमती कल्पना धुर्वे परस्ते तथा श्रीमती नीलम कुमरे की टीम ने राष्ट्रीय गीत का प्रभावशाली गायन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी सहित उपस्थित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने प्रस्तुति की सराहना की।