ट्रेन में चार यात्रियों के मोबाइल चोरी, TTE ने संदिग्ध को दबोचा; सभी मोबाइल बरामद

जबलपुर। गाड़ी संख्या 20471 में सोगरिया (कोटा) से कटनी मुड़वारा के बीच सफर कर रहे यात्रियों के चार मोबाइल फोन चोरी होने की घटना से हड़कंप मच गया। यात्रियों की शिकायत के बाद TTE स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से चोरी किए गए चारों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।जानकारी के अनुसार चोरी की घटनाएं ट्रेन के अलग-अलग कोचों में हुईं। यात्रियों के मोबाइल S6-77, S5-50, S5-31 और S4-23 से चोरी किए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही TTE मनीष कुमार गुप्ता ने OBHS स्टाफ और M1 अटेंडेंट पवन के सहयोग से संदिग्ध की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध को पकड़ लिया गया और तलाशी लेने पर चारों मोबाइल उसके पास से मिल गए।

भीड़ आरोपी को पीटने दौड़ी, TTE ने बचाया

मोबाइल बरामद होने के बाद यात्रियों में आक्रोश फैल गया और कुछ सहयात्री आरोपी की पिटाई करने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ती देख TTE मनीष कुमार गुप्ता ने सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से GRP थाना गुना के सुपुर्द कर दिया गया।रेलवे स्टाफ के अनुसार TTE मनीष कुमार गुप्ता की त्वरित कार्रवाई से न केवल यात्रियों के चारों मोबाइल बरामद हो सके, बल्कि आरोपी को भी भीड़ के आक्रोश से बचाते हुए कानून के हवाले किया गया। उनके इस कार्य की यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने सराहना की।