सीजन में पहली बार खुले बरगी बांध के 9 गेट, नर्मदा के जलस्तर में 3 से 4 फुट की वृद्धि


जबलपुर। बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो तेज बारिश के फलस्वरूप से बरगी बांध में पानी की आवक तेजी से बढने के चलते इस सीजन में पहली बार बांध के 9 गेट मंगलवार पूर्वान्ह 11 बजे खोल दिए गए हैं। मंगलवार को बांध का जल स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंचने से पूर्व सुबह 11.30 बजे बांध के 9 गेट 0.78 मीटर खोले गए हैं। इन गेटों से 1031 क्यूमेक जल की निकासी की जा रही है। बांध का जलस्तर 421 मीटर पहुंच गया है। बांध में पानी की आवक वर्तमान में 1200 क्यूमेक है और बांध 85 प्रतिशत से अधिक भर गया है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए सोमवार रात 8 बजे बांध की स्थिति को देखते हुए बांध प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए मंगलवार सुबह 11 बजे 9 गेट खोलने का फैसला लिया था। बांध का जल स्तर 420.80 पहुंच गया था। नर्मदा नदी के घाटों पर 3 से 4 फुट पानी की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। परियोजना प्रशासन के अनुसार बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को कभी भी घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है। परियोजना प्रशासन ने जनसामान्य से नर्मदा के घाटों एवं तटीय इलाकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।