किसानों को नहीं मिल रहा सोलर कृषि पंप का लाभ, 259 में सिर्फ 67 किसानों को मिले कनेक्शन


जबलपुर। सरकार की सोलर कृषि पंप योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन करने वाले जिले के सैकड़ों किसान अब भी इंतजार कर रहे हैं। रबी सीजन करीब है, लेकिन स्वीकृत 259 आवेदनों में अब तक केवल 67 किसानों के खेतों में ही सोलर सिंचाई पंप स्थापित हो सके हैं। किसान संगठनों ने मांग की है कि शेष पात्र किसानों के खेतों में रबी फसल से पहले पंप स्थापित किए जाएं, ताकि योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
इसी सिलसिले में भारत कृषक समाज के वरिष्ठ किसान प्रतिनिधियों ने सिविक सेंटर स्थित मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के कार्यालय पहुंचकर जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी इंजी. प्रिंस केशरवानी से मुलाकात की और जिले में सोलर कृषि पंप स्थापना की स्थिति की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, स्वीकृत 259 प्रकरणों में 50 किसानों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, लेकिन संबंधित वेंडरों द्वारा पंप स्थापित किया जाना बाकी है। वहीं करीब 142 किसानों के प्रकरण लोन स्वीकृति के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की तिलवारा घाट शाखा को भेजे गए हैं, जहां ऋण प्रक्रिया लंबित है।
बैंक से लेकर विभाग तक प्रक्रिया तेज करने की मांग….
भारत कृषक समाज ने मांग की है कि बैंक स्तर पर लंबित 142 प्रकरणों में किसानों से तत्काल संपर्क कर ऋण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं और युद्धस्तर पर लोन स्वीकृत किए जाएं। संगठन का कहना है कि रबी फसल से पहले पंप स्थापित होने से किसानों को सिंचाई के लिए बड़ी राहत मिलेगी और योजना का उद्देश्य भी पूरा होगा।
कृषक समाज के रामकिशन पटेल ने बताया कि सेंट्रल बैंक की तिलवारा शाखा के प्रबंधक से समन्वय कर ऋण प्रकरणों के जल्द निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र किसानों से भी अपील की कि वे बैंक पहुंचकर लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें।

अक्टूबर में फिर खुल सकता है पोर्टल……..


ऊर्जा विकास निगम की ओर से बताया गया कि योजना में नए पंजीयन के लिए अक्टूबर में पोर्टल/लिंक दोबारा खुलने की संभावना है। इससे नए किसान भी सोलर कृषि पंप के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुलाकात के दौरान भारत कृषक समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी केके अग्रवाल, रामकिशन पटेल, वही के पंड्या, संजय जैन और प्रतीक जैन मौजूद रहे।