आकर्षक झांकियों के साथ श्री गणेश प्रतिमाओं की स्थापना, आकर्षित साज सज्जा

जबलपुर । ऋद्धि-सिद्धि के दाता शिव पार्वती के नंदन प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेशोत्सव पर इस साल  12 दिवसीय पर्व इन दिनों शहर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। ‘‘एक दंत दयावंत चार भुजाधारी’’ की उपासना घर-घर में की जा रही है। विघ्नहर्ता से प्रार्थना कर विघ्न हरने और सुख समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना भक्तगण कर रहे हैं। सुबह और शाम घर-घर में ‘‘जय गणेश, जय गणेश देवा, माता जाकि पार्वती, पिता महादेवा’’ की गूंज सुनाई दे रही है। वहीं सार्वजनिक पंडालों में भी एक से बढ़कर एक कलात्मक प्रतिमाएं स्थापित की गर्इं हैं वहीं कुछ पंडालों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है।  मुंबई की तर्ज पर जबलपुर में भी विगत कुछ वर्षों से गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जाने लगा है।
गौरीघाट, पोलीपाथर, सदर, गढ़ा, अधारताल, रामपुर छापर, रांझी  मस्ताना चौक,  में भी  बड़ी  बड़ी गणेश मूर्ति स्थापित की गई हैं| आकर्षक झांकिया भी सजाई गई है| शहर को आकर्षक विद्युत साज सज्जा से सजाया गया है| नगर के पुराने पोस्ट ऑफिस गढ़ाफाटक के पास मुम्बई के लालबाग वाले राजा की तर्ज पर भगवान गणेश की 14 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। श्री सार्इं गणेशोत्सव समिति द्वारा इस विशालकाय प्रतिमा को जबलपुर के राजा की संज्ञा दी गई है। यहीं से चंद कदम दूर श्री नर्मदा गणेशोत्सव समिति द्वारा महाकाली की तर्ज पर 13 फुट लंबे काले रंग से सुसज्जित भव्य गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। सड़क पर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा भी की गई है। उपनगरीय क्षेत्र सदर में गणेशोत्सव की धूमधाम शुरू हो गई है। यहां गणेश चौक, सेठ चौक, गली नं. 7 और महाकाली मंदिर के सामने आकर्षक पंडाल में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है।