प्रबंध संचालक को भी सुरक्षा जांच के लिए गेट पर रोका:कर्तव्यनिष्ठ गनमैन योगेंद्र दुबे पुरस्कृत

जबलपुर। स्काडा कंट्रोल सेंटर जबलपुर में तैनात आउटसोर्स सुरक्षा कर्मी योगेंद्र दुबे ने कर्तव्य के प्रति निष्ठा और सुरक्षा व्यवस्था के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन कर एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सामान्य तौर पर सुरक्षा कर्मी कंपनी के किसी वरिष्ठ अधिकारी का वाहन देखकर बिना पहचान सुनिश्चित किये गेट खोल दिया करते हैं, पर योगेंद्र दुबे ने अनुपम उदाहरण पेश करते हुए कंपनी के प्रबंध संचालक के वाहन को रोका और जांच की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही अंदर जाने के लिए गेट  खोला ।

दर असल दीपावली के अवसर पर प्रदेश की विद्युत पारेषण व्यवस्था का जायजा लेने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी  मुख्यालय जबलपुर स्थित स्काडा कंट्रोल सेंटर  अचानक पहुंचे । गेट पर तैनात गनमैन  योगेंद्र दुबे ने  सुरक्षा व्यवस्था के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए गेट नहीं खोला । पहले गुमटी से निकल कर प्रबंध संचालक की पहचान सुनिश्चित की, उनके वाहन की भी सघन जांच की और इसके बाद ससम्मान
मध्य प्रदेश के पावर सेक्टर के संवेदनशील स्काडा कंट्रोल सेंटर का गेट खोलकर उन्हें  प्रवेश दिया ।

कर्तव्य के प्रति सजगता से प्रभावित होकर दिया  नकद पुरस्कार

गनमैन योगेंद्र दुबे की सजगता, तत्परता और ड्यूटी के प्रति निष्ठा से प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी खासे प्रभावित हुए। उन्होंने योगेंद्र दुबे से हाथ मिलाकर उनकी पीठ थपथपाई और तत्काल  नकद पुरस्कार प्रदान किया। प्रबंध संचालक ने कहा कि सुरक्षा ड्यूटी में पद, परिचय अथवा व्यक्ति विशेष के आधार पर नहीं, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिम्मेदारी निभाना ही सच्ची कर्तव्यनिष्ठा है।

अन्य सुरक्षा कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक

प्रबंध संचालक ने योगेंद्र दुबे की सतर्कता को अन्य सुरक्षा कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी पूरी सजगता और तत्परता से निभानी चाहिए। गनमैन योगेंद्र दुबे को दिया गया यह प्रोत्साहन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात प्रत्येक कार्मिक के लिए इस संदेश का प्रतीक बना कि जिम्मेदारी के साथ निभाया गया छोटा-सा दायित्व भी सम्मान और सराहना का पात्र होता है।