सिहोरा में बहन को भगाकर ले जाने के विवाद में युवक की हत्या,

जबलपुर/ जिले की तहसील सिहोरा के नुंजा कॉलोनी स्थित श्मशान घाट के पास शनिवार रात करीब 9:30 बजे 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि तीन लोगों ने युवक को बातचीत के बहाने बुलाया और विवाद के बाद चाकू से उस पर कई वार किए।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नुंजा कॉलोनी निवासी गणेश वंशकार के रूप में हुई है। मृतक के भाई गोलू वंशकार ने साहिल चौधरी और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।परिजनों के मुताबिक, साहिल ने गणेश को बातचीत के लिए श्मशान घाट के पास बुलाया था। वहां साहिल के दो-तीन साथी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गणेश को पकड़ लिया और साहिल ने चाकू से उसकी पीठ और जांघ पर तीन-चार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल गणेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।कुछ देर बाद गणेश का भाई गोलू वहां से गुजर रहा था। उसने श्मशान घाट के पास गणेश को रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा और ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गणेश के बड़े भाई जितेंद्र पर चौधरी समाज की एक युवती को भगाकर ले जाने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि युवती साहिल चौधरी की बहन थी। इसी मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।