मैहर। मां शारदा देवी मंदिर का दामोदर रोपवे 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 11 दिनों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान रोपवे का आवश्यक रखरखाव किया जाएगा। नवरात्रि मेले से पहले सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति ने यह निर्णय लिया है।मंदिर समिति की प्रशासक एवं एसडीएम दिव्या पटेल ने रोपवे बंद रखने का आदेश जारी किया है। संचालन कंपनी ने रखरखाव के लिए सेवा बंद करने की अनुमति मांगी थी।रोपवे बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए 1063 सीढ़ियां चढ़नी होंगी। वहीं, शारदा एक्सप्रेस वैन सेवा जारी रहेगी, जिससे पहाड़ी के निर्धारित हिस्से तक पहुंचा जा सकेगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को कुछ दूरी पैदल तय करनी होगी।मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि इस अवधि में मैहर आने की योजना बनाते समय रोपवे बंद रहने की जानकारी ध्यान में रखें और वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार यात्रा की तैयारी करें।