जबलपुर। संत निरंकारी मंडल द्वारा 79वें वार्षिक निरंकारी संत समागम की सेवाओं का शुभारंभ श्रद्धा, समर्पण और सेवाभाव के साथ किया गया। इस वर्ष संत समागम का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा में होगा।संत निरंकारी मिशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार समागम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन में श्रद्धालु सतगुरु के दर्शन, प्रवचन और आध्यात्मिक संदेश प्राप्त करेंगे।सेवा कार्यों का शुभारंभ निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन कर-कमलों से सेवा स्थल का उद्घाटन कर किया गया। इस अवसर पर मिशन की कार्यकारिणी समिति, केंद्रीय सेवाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सेवा में सहभागिता निभाई।संत समागम के इस वर्ष के विषय ‘जागृति’ को मानव जीवन में आत्मचिंतन, सेवा, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जोड़ा गया है। संत निरंकारी मंडल के अनुसार ‘जागृति’ केवल बाहरी संसार से हटकर भीतर के वास्तविक स्वरूप को पहचानने की प्रेरणा है।मंडल ने बताया कि संत समागम किसी धर्म, जाति या भाषा तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता और सत्य के संदेश को आगे बढ़ाने वाला अवसर है। सेवा के माध्यम से आध्यात्मिकता और मानवीय प्रेम का संदेश समाज में पहुंचाया जाता है।