हनुमानताल में चाकू मारकर युवक की हत्या दूसरा घायल

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबा टोला इलाके में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी की वारदात हो गई। घटना में 22-23 वर्षीय सूरज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसी झगड़े में भूरा चौधरी भी घायल हुआ, जिसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दो परिवारों के बीच विवाद सामने आया है, जिसके दौरान यह चाकूबाजी हुई। विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घायल भूरा चौधरी का मेडिकल अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।