रोड डिवाइडर से टकराई स्कार्पियो में 4 लाख की अंग्रेजी शराब, जब्त

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने बरगी और पनागर थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने स्कार्पियो से 359 बोतल और 48 पाव अंग्रेजी शराब तथा मोटरसाइकिल से परिवहन की जा रही 55 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियो और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।

स्कार्पियो डिवाइडर से टकराई

बरगी पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 जेडडब्ल्यू 5181 में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लादकर धूमा की ओर से जबलपुर लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम निगरी कैनाल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध स्कार्पियो आती दिखाई दी।

पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी और जबलपुर की ओर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर चालक ने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद दून स्कूल के सामने भारत बेंज के बाजू की कच्ची सड़क पर स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान 30 वर्षीय आशुतोष शिवहरे निवासी खेरमाई मंदिर के पास बेलखाड़ू, थाना कटंगी के रूप में हुई।स्कार्पियो की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 359 बोतल और 48 पाव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल कीमत करीब 4 लाख 1 हजार 560 रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ एक मोबाइल फोन और शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियो भी जब्त की है।मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।दूसरी कार्रवाई पनागर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम तिलगवां एवं सकरी के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर सीट के दोनों ओर बोरियों में कच्ची शराब भरकर जंगल से तिलगवां की ओर आने वाला था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तिलगवां से कच्ची सड़क पर दबिश दी। पुलिस को जंगल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडएन 5660 की तलाशी लेने पर सीट के दोनों ओर बंधी बोरियों में रखे प्लास्टिक के चार डिब्बों से कुल 55 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश की जा रही है।