शहर में आवारा जानवरों का तांडव, सांड के हमले से दूध विक्रेता की मौत


जबलपुर। शहर की हर सडक पर यमदूत बनकर घूम रहे आवारा जानवरों की धमाचौकडी से आम राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है परंतु नगर निगम की हांका गैंग लंबी तानकर सो रही है।

शहर में खुलेआम घूमने वाले मवेशियों पर कोई लगाम नहीं है। इसी लापरवाही ने हाल ही में खेरमाई मंदिर के समीप एक दूध विक्रेता की जान ले ली। बताया जाता है कि एक सांड ने तीन बार उसे उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करके शव पीएम के लिए भेज दिया है।


इस संबंध में हनुमानताल थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खेरमाई मंदिर के गेट नंबर एक के समीप रविवार की सुबह 8 बजे के लगभग टेमरभीटा निवासी 60 वर्षीय रवि यादव को सड़क पर घूमने वाले एक आवारा सांड ने उठाकर पटक दिया।

उसे गंभीर हालत में क्षेत्रीय लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतक रवि के भतीजे आमिर यादव ने बताया कि उसके मौसा दूध का धंधा करते थे। वे दूध बेचकर वापस लौटते समय छुटटा घूम रहे जानवर का शिकार हो गए।