अब चोरी की वारदात में युवतियों की भी एंट्री! विजयनगर के ‘पिकपार्ट स्मार्ट गैरेज’ के ताले तोड़कर चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद

जबलपुर। चोरी की वारदातों में अब युवतियों की संलिप्तता भी सामने आने लगी है। विजयनगर क्षेत्र में सामने आई एक चोरी की घटना ने पुलिस के साथ-साथ कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। टिबुडे कॉम्प्लेक्स स्थित इंदिरा ऑटोमोबाइल के ‘पिकपार्ट स्मार्ट गैरेज’ के ताले तोड़कर दो युवतियों ने अंदर घुसकर कीमती ऑटो पार्ट्स और एल्युमीनियम स्क्रैप पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवतियों की तलाश में जुटी है।

दो शटर, एक नहीं खुली तो दूसरे से घुसीं………..

उखरी पुलिस चौकी के अनुसार घटना रविवार तड़के करीब 5 बजे की है। विजयनगर चौपाटी के पास स्थित गैरेज की दोनों शटर के ताले तोड़े गए थे। इनमें से एक शटर नहीं खुली तो दोनों युवतियों ने दूसरी शटर से गैरेज में प्रवेश कर लिया।

सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवतियां गैरेज के भीतर काफी देर तक घूमती और सामान तलाशती दिखाई दे रही हैं। उस समय बारिश के कारण गैरेज में पानी भी भरा हुआ था, लेकिन दोनों ने इसकी परवाह किए बिना पूरे परिसर को खंगाल डाला।

मोबाइल की टॉर्च से शुरू हुई ‘तलाशी’……

गैरेज के अंदर अंधेरा था। ऐसे में दोनों युवतियों ने मोबाइल की रोशनी में एक-एक हिस्से की तलाशी ली। यहां तक कि वाहनों को खोलकर भी उनके अंदर सामान तलाशा गया।

जब मोबाइल की रोशनी पर्याप्त नहीं पड़ी तो दोनों ने गैरेज में लगे एलईडी बल्ब को ही हाथ में लेकर तलाशी जारी रखी। सीसीटीवी में एक युवती बारिश के पानी से बचने के लिए सलवार को घुटनों तक ऊपर किए हुए भी दिखाई दे रही है।

कैमरे का अहसास हुआ तो चेहरा ढक लिया………..

करीब 20 मिनट तक गैरेज के अंदर रहने के बाद दोनों युवतियों ने प्लास्टिक के बोरे में कीमती पार्ट्स और एल्युमीनियम स्क्रैप भरा और वहां से निकल गईं।

वारदात के दौरान जब उन्हें सीसीटीवी कैमरे की मौजूदगी का अहसास हुआ तो दोनों ने दुपट्टे से अपना चेहरा ढक लिया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें कैमरे की जानकारी थी या बाद में इसका ध्यान आया।

चौपाटी के पास गैरेज, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल…….

घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर गैरेज है, वह विजयनगर चौपाटी जैसे व्यस्त इलाके से लगा हुआ है। इसके बावजूद तड़के गैरेज के ताले टूटते रहे और संदिग्ध अंदर जाकर सामान समेटते रहे।सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दोनों युवतियां इतनी बेखौफ होकर करीब 20 मिनट तक गैरेज के अंदर कैसे रहीं?

उठ रहे हैं ये सवाल……….

चौपाटी जैसे व्यस्त इलाके में तड़के पुलिस की निगरानी कहां थी? शोरूम और आसपास के सुरक्षा गार्ड घटना के वक्त कहां थे?

ताले तोड़ने की आवाज किसी ने क्यों नहीं सुनी? क्या चोरी से पहले गैरेज की रैकी की गई थी? बिना जानकारी के सीधे कीमती पार्ट्स तक दोनों कैसे पहुंचीं? क्या इस वारदात के पीछे कोई बड़ा चोरी गिरोह सक्रिय है?

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि सीसीटीवी में कैद इन दोनों युवतियों तक पुलिस कब पहुंचती है और चोरी का माल बरामद हो पाता है या नहीं।