जबलपुर। गुम हुए मोबाइल फोन तलाश कर लोगों को वापस सौंपने के लिए जबलपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर साइबर सेल ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 106 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
गुरुवार को एसपी सम्पत उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह की मौजूदगी में मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें। वहीं साइबर फ्रॉड होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या साइबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 पर संपर्क करें। जबलपुर पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि व्हाट्सएप पर आने वाले निवेश ऑफर, एपीके फाइल को डाउनलोड/इंस्टाल न करें।