जबलपुर। नेपाल में 26 तारीख को आई भीषण प्राकृतिक आपदा में मृतकों की आत्मशांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर रांझी में नेपाली गोरखा समाज एवं महिला समिति ने कैंडल मार्च निकाला। दर्शन सिंह तिराहे से शुरू हुआ मार्च श्री पशुपतिनाथ मंदिर रांझी पहुंचा, जहां शोकसभा आयोजित कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई।श्री पशुपतिनाथ मंदिर समिति के संरक्षक विष्णु सुबेदी ने बताया कि बड़ी संख्या में समाजजन व स्थानीय लोग मार्च में शामिल हुए। महिला समिति की कार्यकारिणी सदस्य चंदा बसनेत ने कहा कि समाज इस दुख की घड़ी में नेपाल के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। समिति ने सहयोग से एकत्रित राशि प्रधानमंत्री राहत कोष के माध्यम से नेपाल भेजने का निर्णय भी लिया है।