राष्ट्रीय पुरस्कार लेकर लौटे महापौर व निगम आयुक्त का शहर में जोरदार स्वागत

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में जबलपुर को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का पुरस्कार ग्रहण करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार जब डुमना एयरपोर्ट पहुंचे, तो वहां शहरवासियों ने उनका भव्य स्वागत कर उपलब्धि का जश्न मनाया।महापौर और निगमायुक्त के एयरपोर्ट पहुंचते ही पूरा परिसर ढोल-धमाकों और जयघोष से गूंज उठा। नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। जैसे ही दोनों पदाधिकारी एयरपोर्ट से बाहर आए, लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छों से स्वागत किया।राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि की खुशी में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। एयरपोर्ट परिसर में ‘स्वच्छ जबलपुर’ के नारों के बीच उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। भव्य स्वागत से अभिभूत महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने हाथ जोड़कर शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल महापौर या नगर निगम आयुक्त का नहीं है, बल्कि जबलपुर के नागरिकों, सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों में जिस तरह सहयोग दिया, उसी का परिणाम है कि जबलपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नगर निगम द्वारा लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। पौधारोपण एवं हरियाली को बढ़ावा देने, निर्माण कार्यों से होने वाले धूल प्रदूषण पर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने सहित अन्य उपायों पर लगातार काम किया गया।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर का तीसरा स्थान हासिल करना नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों की सफलता है।जबलपुर का देश में तीसरे स्थान पर आना शहर के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में संस्कारधानी की पहचान को और मजबूत किया है। एयरपोर्ट पर आयोजित स्वागत समारोह में नगर निगम के विभिन्न कर्मचारी संघों के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।