4 हजार रुपये रिश्वत लेते लेखापाल रंगे हाथ गिरफ्तार

बालाघाट।  लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने बुधवार को बालाघाट जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक लेखापाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार आवेदक नरेंद्र कुमार डोहरे (53 वर्ष), सहायक शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी, वारासिवनी जिला बालाघाट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी वेतन विसंगति का जुलाई 2017 से दिसंबर 2023 तक का कुल एरियर 94,085 रुपये स्वीकृत हुआ था। इसमें से 66,557 रुपये का भुगतान पूर्व में हो चुका था, जबकि शेष 27,528 रुपये की राशि जारी करने के एवज में विद्यालय के लेखापाल वोमेंद्र कुमार रोकड़े द्वारा 4,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने बुधवार 24 जून 2026 को योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कायदी, वारासिवनी के शिक्षक कक्ष में आरोपी लेखापाल वोमेंद्र कुमार रोकड़े को आवेदक से 4,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, ट्रैप लेइंग ऑफिसर (टीएलओ) निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम शामिल रही।