कछपुरा ब्रिज चौराहे से अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक सुधारने की मांग

जबलपुर। शहर के व्यस्ततम कछपुरा ब्रिज चौराहे के निर्माण और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कमला नेहरू नगर व्यापारी संघ ने नगर निगम आयुक्त को स्मरण पत्र सौंपकर पूर्व में किए गए वादे की याद दिलाई। व्यापारियों ने चौराहे की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पीक आवर्स में लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं, जबकि चारों ओर अतिक्रमण के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा है।
व्यापारी संघ ने बताया कि विजय नगर, मेडिकल, धनवंतरी नगर और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण चौराहा लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। इस संबंध में नगर निगम, स्मार्ट सिटी और यातायात विभाग का कई बार ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। विभिन्न समाचार पत्रों में भी इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
व्यापारियों के अनुसार, पूर्व में नगर निगम आयुक्त ने आश्वासन दिया था कि बड़े निर्माण कार्यों में समय लगता है, लेकिन लगभग एक माह के भीतर चौराहे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसी वादे की याद दिलाने के लिए व्यापारी संघ ने स्मरण पत्र एवं छायाचित्र सौंपे।
संघ ने मांग की कि कछपुरा ब्रिज चौराहे का निर्माण शीघ्र कराया जाए, पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाए तथा रानीताल से रेलवे फाटक तक सड़क किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही, स्थायी व्यवस्था होने तक पीक आवर्स में यातायात पुलिस की तैनाती कर ट्रैफिक नियंत्रित करने की मांग भी की गई।
व्यापारियों ने बताया कि हाल के दिनों में इस चौराहे पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
स्मरण पत्र सौंपने के दौरान धनंजय बाजपेई, आनंद मोहन शर्मा, विजय गुप्ता, अखिलेश मेहता, निशांत शर्मा, विवेक गुप्ता, अंकित गुप्ता, विजय साहू सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।