पुरानी रंजिश पर कुंडम में दिनदहाड़े चाकू से छात्र की हत्या


जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम सामने आया है। दीपावली का त्योहार मनाने गांव आए एक कॉलेज छात्र की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात कुंडेश्वर मंदिर से लौटते समय हुई, जहां आधा दर्जन युवकों ने छात्र को रास्ते में घेरकर हमला कर दिया। अचानक हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 19 वर्षीय आकाश उर्फ अक्कू निवासी ग्राम हल्का बोदा, जिला कटनी के रूप में हुई है। वह जबलपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह अपने गांव आया हुआ था। गुरुवार को वह अपने दोस्तों के साथ कुंडम स्थित कुंडेश्वर मंदिर घूमने गया था। मंदिर से वापस लौटते समय रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया और विवाद शुरू कर दिया।

मड़ई मेले के विवाद का लिया बदला…..

पुलिस के मुताबिक, आकाश का कुछ समय पहले गांव में आयोजित मड़ई मेले के दौरान कुंडम निवासी प्रीतम मार्को से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। गुरुवार को आकाश के कुंडम पहुंचने की जानकारी मिलने पर प्रीतम अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने रास्ते में आकाश को रोककर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्त अचानक हुए हमले से घबराकर अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग निकले।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया………

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल आकाश को 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से कुंडम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

3 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…..

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडम पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी प्रीतम मार्को सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से मृतक के परिजनों और क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।