कैट का अनुमान धनतेरस पर 193 करोड़ का कारोबार


जबलपुर। धनतेरस के पावन अवसर पर जबलपुर के व्यापारिक बाजारों में उत्साह और रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए सुबह से ही बाजारों, शोरूमों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), जबलपुर द्वारा विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम 5 बजे तक जबलपुर में लगभग 193 करोड़ 50 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया है। इस वर्ष ऑटोमोबाइल, सराफा, मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, मिठाई, किराना, बर्तन, सजावटी सामग्री सहित लगभग सभी व्यापारिक क्षेत्रों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली।

क्षेत्रवार व्यापारिक आकलन………..

ऑटोमोबाइल सेक्टर – 52 करोड़ 50 लाख रुपये, दोपहिया वाहनों की लगभग 1 हजार 500 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की गई। प्रति वाहन औसतन एक लाख रुपये के आधार पर लगभग 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं चारपहिया वाहनों की लगभग 250 कारों की बिक्री हुई। प्रति कार औसतन 15 लाख रुपये के आधार पर लगभग 37 करोड़ 50 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
सराफा बाजार में धनतेरस पर विशेष उत्साह देखने को मिला। सोने-चांदी के आभूषणों, सिक्कों एवं हीरा-जवाहरात की खरीदारी के चलते लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।
इसी प्रकार मोबाइल फोन, टेलीविजन, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी के चलते लगभग ६ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते स्टील, पीतल, तांबा, क्रॉकरी एवं घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुओं की अच्छी बिक्री हुई।
कपड़ा बाजार एवं रेडीमेड वस्त्रों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही रही तथा लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज हुआ।
त्योहारी पकवानों, मिठाई, नमकीन एवं घरों की अन्य तैयारियों के लिए किराना और खाद्य सामग्री की खरीदारी में तेजी रही। इस क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए झालर, आकर्षक लाइटिंग, सजावटी सामान एवं अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री की अच्छी मांग रही। इस क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज हुआ।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीपक, दीये, पूजन सामग्री, फूल-मालाएं एवं दीपावली से संबंधित अन्य धार्मिक वस्तुओं की बिक्री से लगभग 3 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
जूते-चप्पल, फैशन एवं व्यक्तिगत उपयोग की अन्य वस्तुओं की खरीदारी से लगभग 3 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
फर्नीचर, घरेलू सजावट एवं फर्निशिंग से संबंधित वस्तुओं की बिक्री से लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये का व्यापार हुआ।
बेकरी उत्पादों, फल एवं अन्य खाने-पीने की वस्तुओं की खरीदारी से लगभग 2 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
त्योहारी कारोबार से जुड़ी पैकिंग सामग्री, परिवहन एवं अन्य व्यापारिक सहायक सेवाओं में लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की आर्थिक गतिविधियां दर्ज की गईं।
कैट द्वारा प्राप्त क्षेत्रवार व्यापारिक आंकड़ों के अनुसार आज धनतेरस पर शाम 5 बजे तक जबलपुर में लगभग 193 करोड़ 50 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया है। इसमें बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लेकर छोटे दुकानदारों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं, कारीगरों एवं विभिन्न सेवा क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही|