घमापुर फ्लाईओवर ही ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान, उपभोक्ता मंच ने एसपी से की चर्चा, पुलिस शासन को भेजेगी प्रस्ताव


जबलपुर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए घमापुर फ्लाईओवर के निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने जनसुनवाइरुर् में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने स्वीकार किया कि अधारताल से शहर की ओर आने वाले इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अब तक कई प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान फ्लाईओवर निर्माण ही है और इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधारताल, घमापुर, हाईकोर्ट चौक और भानतलैया क्षेत्र में प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। कार्यालय, स्कूल और अस्पताल जाने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आते हैं और आम नागरिकों का कीमती समय जाम में बर्बाद हो रहा है।
इस दौरान डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने बताया कि तहसील चौक से घमापुर, भानतलैया और रद्दी चौकी तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव वर्ष 2019 में लगभग 269 करोड़ की लागत से तैयार किया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी इस पर काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद वर्ष 2024 में रेलवे पुल नंबर-2 से हाईकोर्ट चौक, घमापुर, भानतलैया होते हुए कैप्टन हमीद चौक तक लगभग छह किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का नया प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 800 करोड़ आंकी गई। हालांकि यह योजना भी अब तक कागजों से आगे नहीं बढ़ पाई है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि गोहलपुर पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने से वहां भी ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है। ऐसे में अधारताल से शहर तक आने वाले दोनों प्रमुख मार्ग—घमापुर और गोहलपुर—लगातार जाम की चपेट में हैं। इससे नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रतिनिधि मंडल में रजत भार्गव, संतोष श्रीवास्तव, डी.के. सिंह, सुभाष चंद्रा, सुशील कनौजिया, मनीष शर्मा, गीता पांडे, पी.एस. राजपूत, यशवंत कोष्टा और एडवोकेट बृजेश साहू सहित कई सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की, कि शहर के भविष्य को देखते हुए घमापुर फ्लाईओवर का निर्माण अब और टालने के बजाय जल्द शुरू किया जाए, ताकि वर्षों पुरानी यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो सके।