जबलपुर। दीपावली के मद्देनजर रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को गढ़ा, बेलबाग और लार्डगंज थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे चार दुकानदारों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त कर उनके विरुद्ध बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन, कोतवाली अखिलेश गौर और ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई की।थाना गढ़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि काजी मोहल्ला में अब्दुल रहमान (36) बिना अनुमति ज्वलनशील पटाखों की बिक्री कर रहा है। पुलिस ने दबिश देकर दुकान से छोटे बुलेट बम के 4 पैकेट, डबल आवाज वाले बम के 7 पैकेट, लच्छी बम की एक लड़ी, छोटे लक्ष्मी बम के 25 पैकेट, अनारदाना के 4 पैकेट, फुलझड़ी के 4 पैकेट, मुर्गा छाप पटाखों के 10 पैकेट, चकरी के 2 पैकेट और रॉकेट के 2 पैकेट जब्त किए। इनकी कीमत करीब 1800 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने सहित धारा 223(बी), 288 बीएनएस और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत कार्रवाई की गई।
गढ़ा पुलिस ने अरिहंत बुक डिपो के पास भी कार्रवाई करते हुए आगम जैन (19), निवासी इंदिरा गांधी वार्ड को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से दो पेटियों में रखे एक हजार पाइप बम जब्त किए गए। उसके विरुद्ध धारा 223(बी), 288 बीएनएस एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।थाना बेलबाग पुलिस ने छावड़ा अस्पताल तिराहा, गुरंदी बाजार में कार्रवाई करते हुए विनय सोनकर (36), निवासी काली दुर्गा मंदिर के सामने भरतीपुर को पकड़ा। आरोपी अपनी गुलाल की दुकान में अवैध रूप से पटाखे बेच रहा था। तलाशी में 20 पैकेट लियोपार्ड किंग माचिस बम मिले, जिनकी कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 288 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 एवं 9(ख)(1)(ख) के तहत कार्रवाई की।
चिकन शॉप के सामने सजा रखे थे पटाखे
थाना लार्डगंज पुलिस ने सर्वोदय नगर में ट्रांसफार्मर के बाजू में वासु चिकन शॉप के सामने दबिश दी। यहां एम. श्रीनिवास उर्फ वासु (38), निवासी सर्वोदय नगर, पुरानी कलारी के सामने, बिना लाइसेंस पटाखे बेचते मिला। पुलिस ने उसके कब्जे से म्यूजिक बम, क्रेकर सहित विभिन्न प्रकार के कुल 221 पैकेट पटाखे जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध धारा 288 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 और 9(ख)(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।