जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने राजगढ़ जिले के 132 केवी सुठालिया सबस्टेशन में दो नए 132 केवी फीडर बे स्थापित कर ऊर्जीकृत किए हैं। इनके माध्यम से 132 केवी ब्यावरा और मधुसूदनगढ़ ट्रांसमिशन लाइनों को सुठालिया सबस्टेशन से जोड़ा गया है। यह कार्य 132 केवी ब्यावरा–मधुसूदनगढ़ लाइन की लाइन इन लाइन आउट व्यवस्था के तहत किया गया है।इस नई कनेक्टिविटी से राजगढ़ जिले के पारेषण नेटवर्क को एक अतिरिक्त वैकल्पिक स्रोत मिलेगा और बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही, भविष्य में 400 केवी पावर ग्रिड सुजालपुर से भी सुठालिया क्षेत्र को बिजली उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
*–11.34 सर्किट किलोमीटर नई लाइन का निर्माण*-
एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता (अति उच्च दाब निर्माण) श्री एस.के. दुबे ने बताया कि इस कार्य के अंतर्गत 132 केवी सुठालिया–ब्यावरा और सुठालिया–मधुसूदनगढ़ के लिए डबल सर्किट, डबल स्ट्रिंगिंग की कुल 11.34 सर्किट किलोमीटर नई ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण किया गया है। इसमें 37 टावर स्थापित किए गए हैं। मुंबई की मेसर्स विक्रान कंपनी ने यह कार्य लगभग 15.67 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से टर्नकी आधार पर पूरा किया है।
**सुजालपुर ग्रिड से भी मिलेगा बिजली का विकल्प*–
श्री दुबे ने बताया कि भविष्य में नरसिंहगढ़ सबस्टेशन के उन्नयन के बाद 400 केवी पावर ग्रिड सुजालपुर से नरसिंहगढ़ के माध्यम से सुठालिया क्षेत्र को बिजली उपलब्ध कराना संभव होगा।