जबलपुर। शहर में कचरा उठान व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गलगला स्थित पान मंडी क्षेत्र में हफ्तों से कचरे का ढेर जमा होने से पूरा इलाका गंदगी के अंबार में तब्दील हो गया है। स्थानीय व्यापारियों ने कई बार सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।व्यापारियों का कहना है कि लगातार शिकायतें करने के बावजूद कचरा नहीं उठाया गया, जिससे बाजार क्षेत्र में बदबू और गंदगी फैल रही है। स्थिति यह है कि अब दुकानदार और स्थानीय लोग खुद ही निजी खर्च पर कचरा हटवाने की बात करने लगे हैं।
“निवेदन के बाद भी कोई सुनवाई नहीं”
स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने कई बार नगर निगम कर्मचारियों और ड्राइवरों से संपर्क कर सफाई कराने का अनुरोध किया। यहां तक कि खर्च देने की बात भी कही गई, इसके बावजूद सफाई वाहन मौके पर नहीं पहुंचे। लोगों का आरोप है कि अधिकारी केवल वाहनों में आकर निकल जाते हैं, लेकिन गलियों और बाजारों की वास्तविक स्थिति देखने की जहमत नहीं उठाते।
बाजार की रौनक पर असर
व्यापारियों का कहना है कि लगातार जमा कचरे के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण लोग बाजार में रुकना तक पसंद नहीं कर रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से निजी व्यवस्था कर कचरा हटवाएंगे।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
इलाके के लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी तो शहर की अन्य बाजारों की स्थिति भी इसी तरह बिगड़ सकती है। लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।