100 पाव शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, शराब माफिया के हंगामे के बीच एफआईआर दर्ज

जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई। भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने धन्वन्तरीनगर स्थित शराब दुकान से अवैध रूप से शराब ले जा रहे दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 100 पाव शराब और एक एक्टिवा वाहन (क्रमांक MP20SY9683) जब्त किया गया।संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, रविवार शाम लगभग 8:12 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि धन्वन्तरीनगर शराब दुकान से मेडिकल क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने निगरानी की और एक्टिवा से शराब ले जा रहे दो लोगों को रोक लिया। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाकर आरोपियों और शराब को सौंप दिया गया।

गढ़ा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शराब की आपूर्ति किसके निर्देश पर की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान कथित रूप से शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा भी किया, लेकिन संगठन के कार्यकर्ता अपनी शिकायत पर अडिग रहे, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से शराब की अवैध सप्लाई हो रही थी, तो यह पुलिस और आबकारी विभाग की निगरानी पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर पाती है या कार्रवाई केवल दो आरोपियों तक ही सीमित रह जाती है।