जबलपुर। महापर्व छठ के प्रति उत्तर भारतीयों में अभूतपूर्व उत्साह एवं उमंग दिखा। नए और स्थानीय लोगों ने छठ पूजा में भागीदारी दी| सूर्य उपासना के चार दिवसीय पर्व छठ महोत्सव का व्रतधारियों ने सोमवार की सुबह उदयमान सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के बाद समापन किया। इसके पूर्व व्रतियों ने रविवार की शाम को सूर्य देव को अर्घ्य देकर पूजन-अर्चन किया था। नर्मदा तट के घाटों एवं शहर के तालाबों में भक्तजन व व्रतधारियों ने छठ पर्व का प्रसाद बनाया और बांस की टोकरी में अर्घ्य का सूप लेकर अस्तांचल को जाते सूर्य को जल और दूध का अर्घ्य दिया। उसके बाद सोमवार को उदीयमान सूर्य का अर्घ्य देकर छठ माता से आशीर्वाद लिया। उत्तरप्रदेश बिहार महासंघ के तत्वावधान में संस्कारधानी में चार दिवसीय छठ पर्व भारी धूमधाम के साथ मनाया गया। उत्तरप्रदेश और बिहार की विशिष्ट संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले छठ महोत्सव का आयोजन नगर के 18 से अधिक स्थानों पर किया गया। जहां पर छठ व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की और भगवान सूर्यदेव से संतान, संपन्नता और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। शहर मे दिनभर प्रसाद वितरण का दौर चला।
सूर्यास्त और सूर्योदय में की गई महाआरती…………
उत्तरप्रदेश सेवा संघ के तत्वाधान मे आधरताल तालाब के घाट मे भगवान सूर्य का पूजन और महाआरती का आयोजन किया गया। रविवार की शाम सूर्यास्त और सोमवार की सुबह सूर्योदय को व्रती महिला और पुरूषों ने सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर महाआरती की।