महिलाओं की अनूठी पहल बनी धार्मिक आस्था की मिसाल  हर महीने घरों में हो रहा सुंदरकांड का आयोजन

जबलपुर। आज के आधुनिक दौर में जहां मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल के लिए लोग क्लबों और किटी पार्टियों का रुख करते हैं, वहीं महिलाओं के एक समूह ने धार्मिक आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की एक अनूठी पहल शुरू की है।
इस पहल की शुरुआत लगभग एक वर्ष पूर्व नीना अरोड़ा ने की थी। उन्होंने 12 से 14 महिलाओं के छोटे-छोटे समूह बनाकर सुंदरकांड के नियमित आयोजन की परंपरा प्रारंभ की। आज इस पहल के अंतर्गत चार महिला समूह सक्रिय हैं, जिनमें प्रत्येक समूह में 12 से 14 महिलाएं शामिल हैं।
इन समूहों की विशेषता यह है कि प्रत्येक महीने किसी एक सदस्य के निवास पर सुंदरकांड का आयोजन किया जाता है। सभी महिलाएं एकत्रित होकर पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ सुंदरकांड का पाठ करती हैं। आयोजन में भजन-कीर्तन, संगीतमय प्रस्तुतियां और भक्ति गीतों पर नृत्य के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
इसी क्रम में आज सातवें सुंदरकांड का आयोजन आदर्श नगर निवासी नीलम सेठी के निवास पर किया गया। प्रभु श्रीराम के समक्ष सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन के साथ महिलाओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा से सहभागिता की।
इस आयोजन की एक और खास विशेषता यह है कि यहां प्रसाद एवं भोग में पारंपरिक भारतीय व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाती है। महिलाएं अपने घरों में स्वयं विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवान और व्यंजन तैयार करती हैं। कई ऐसे पुराने देसी व्यंजन भी बनाए जाते हैं, जो धीरे-धीरे हमारी खानपान की परंपरा से दूर होते जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती सुरेखा परमार, माही परमार, उमा नेब, पप्पी नेब,  प्रीति नेब, नीलम सेठी, रुचि भाटिया,  नीतू, नीमा, प्रभा मल्होत्रा, रचना शर्मा, यह सभी मिलकर इन व्यंजनों का आनंद भी लेती हैं और पुरानी परंपराओं को फिर से जीवंत करने का प्रयास भी करती हैं। खास बात यह है कि पूरे आयोजन में घर में बने सामान, देसी उत्पादों और स्थानीय वस्तुओं को प्राथमिकता देकर स्वदेशी और मेड इन इंडिया की भावना का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। इस तरह यह आयोजन ‘ओल्ड इज गोल्ड’, ‘लोकल फॉर वोकल’ और स्वदेशी अपनाने का भी सुंदर संदेश दे रहा है।

*यह पहल केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, सहयोग, सकारात्मकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम भी बन रही है।*