चोरी के दौरान थप्पड़ मारने के बदले कर दी हत्या, चार खंभा में नाबालिग को घेरकर मारा


जबलपुर। शहर में मामूली विवाद अब जानलेवा दुश्मनी में बदलते जा रहे हैं। चोरी करते पकड़े जाने पर एक थप्पड़ मारने की कीमत 17 वर्षीय किशोर नौशाद अली को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। हनुमानताल थाना क्षेत्र के चार खंभा इलाके में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात पांच युवकों ने उसे घेरकर पहले पत्थर से सिर पर हमला किया और फिर चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

रात एक बजे मौत बनकर टूटे पांच हमलावर……

नौशाद अपने चाचा नासिर अली के साथ चार खंभा क्षेत्र में वेल्डिंग का काम करता था। रविवार देर रात करीब एक बजे वह बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान पांच युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया। जमीन पर गिरते ही उस पर चाकुओं से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल नौशाद को मौके पर छोड़कर आरोपी भाग निकले। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल नौशाद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक थप्पड़ बना हत्या की वजह..!……….

इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे करीब एक महीने पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मृतक के चाचा नासिर अली के मुताबिक, नौशाद ने लगभग एक महीने पहले आरोपियों में से एक को चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान उसने उसे थप्पड़ मार दिया था। परिजनों का आरोप है कि इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी मौके की तलाश में थे और रविवार रात उन्होंने नौशाद की हत्या कर दी।

सोशल मीडिया पर तस्वीरें, पुलिस के सामने गिरफ्तारी की चुनौती…………

मृतक के चाचा ने पुलिस को बताया कि कथित आरोपियों की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर भी मौजूद हैं। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, चाचा के बयान के आधार पर पांच युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

सवाल जो शहर को झकझोर रहे हैं………..

आखिर ऐसी कौन सी मानसिकता पनप रही है, जहां चोरी करते पकड़े जाने पर मिली एक थप्पड़ की सजा का जवाब हत्या से दिया जा रहा है? क्या सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियारों और अपराध का प्रदर्शन करने वाले ऐसे युवकों पर समय रहते निगरानी नहीं हो सकती? नौशाद की हत्या ने एक बार फिर शहर में चाकूबाजी और बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हत्या के बाद हथियारों के साथ वीडियो वायरल होने का दावा…………..


इस घटनाक्रम में सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे एक वीडियो ने भी चिंता बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में 5 से 6 युवक चाकू और अन्य हथियारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। कथित तौर पर वीडियो में धमकी भरे अंदाज में बातचीत भी सुनाई दे रही है।