जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को भाजपा संभागीय कार्यालय, रानीताल में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन शक्ति का मूल आधार है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और निरंतर सक्रियता के बल पर ही पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा।उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ वर्षभर समाज के बीच कार्य करता है। जिला कार्यसमिति में विगत दो वर्षों के संगठनात्मक कार्यों का कार्यवृत्त प्रस्तुत करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
विकसित भारत के लिए 140 करोड़ देशवासियों को लेना होगा संकल्प : आशीष दुबे
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि जब वर्ष 2047 में भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब विकसित भारत का संकल्प साकार होना चाहिए। इसके लिए देश की 140 करोड़ जनता को आज से ही संकल्पित होकर कार्य करना होगा।उन्होंने कहा कि विकसित भारत का आधार आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी है। भारत में अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद अर्थव्यवस्था की मजबूती देश की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और युवाओं को रोजगार, शिक्षा तथा अवसर उपलब्ध कराकर ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है।श्री दुबे ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश में एम्स सहित अनेक बड़े संस्थान विकसित हुए हैं। खेल, रक्षा, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता देश को विपरीत परिस्थितियों में मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, युवा सशक्तिकरण और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से देश की विकास यात्रा को गति मिल रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक कदम हम बढ़ाएंगे तो देश 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करता है और संगठन की शक्ति का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।
, कार्यकर्ता का जनता से सीधा जुड़ाव जरूरी : आलोक संजर
जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि वर्ष 1947 से पहले देश की आजादी के लिए मरना पड़ता था, लेकिन आज आजाद भारत के लिए जीने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ कार्यकर्ता वही है, जिसका संगठन के प्रति समर्पण हो।उन्होंने कहा कि बूथ का कार्यकर्ता ही पार्टी का वास्तविक स्टार प्रचारक है। एक अच्छे कार्यकर्ता का जनता से सीधा जुड़ाव होना चाहिए। कार्यकर्ता अपने व्यवहार और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में अपना स्थान बना सकता है। उन्होंने सीखने की ललक को कार्यकर्ता की सफलता का महत्वपूर्ण गुण बताया।
समरस समाज के बिना देश का विकास संभव नहीं : संदीप जैन
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के आधार पर देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समरस समाज के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है।उन्होंने सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संत गुरु रविदास जी के संदेश का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सागर में संत गुरु रविदास जी के स्मारक का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक समरसता की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वरिष्ठ नेताओं का सम्मान, प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में जिला प्रभारी आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, सांसद आशीष दुबे सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता सुरेश देशपांडे, अनिल शर्मा, आनंद बर्नाड, विजयराज पटेरिया एवं राजकुमार मेहता का सम्मान भी किया गया।कार्यसमिति के अतिथियों द्वारा पार्टी ध्वज का ध्वजारोहण किया गया तथा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला महामंत्री पंकज दुबे ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की प्रस्तावना रखी। राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन रंजीत पटेल ने तथा शोक प्रस्ताव का वाचन अमित सोनू बचवानी ने किया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वाति गोडबोले, प्रदेश प्रवक्ता वाणी अहलूवालिया, दिव्यांगजन कल्याण प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक संदीप रजक, जितेंद्र जामदार, पूर्व विधायक हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू, राजेश मिश्रा, शरद अग्रवाल, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, अमित सोनू बचवानी सहित मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रमुख उपस्थित रहे।