बरगी बांध में डूबे बंगाल के युवक का 48 घंटे बाद मिला शव, नहाते समय हादसा, निजी प्लांट में करता था काम


जबलपुर। बरगी बांध में नहाने के दौरान डूबे पश्चिम बंगाल के युवक का शव करीब 48 घंटे बाद छीता खुदरी के पास पानी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची गोताखोर टीम ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय शेख अब्दुल जबलपुर में रहकर एक निजी प्लांट में काम करता था। वह 9 अगस्त को छीता खुदरी के पास बरगी बांध में नहाने गया था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उसका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीईआरएफ की टीम ने काफी देर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार को करीब 48 घंटे बाद उसी क्षेत्र में अब्दुल का शव पानी में दिखाई दिया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के जबलपुर पहुंचने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।