बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

जबलपुर। म.प्र. विद्युत महिला मंडल द्वारा संचालित बालक मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाला अध्यक्षा डॉ. श्रीमती अंजना तिवारी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अतिथियों, शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर राष्ट्रगान गाया।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अंजना तिवारी ने कहा कि हमें देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को सदैव स्मरण रखना चाहिए। उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देशहित, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत, कविता पाठ तथा स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में महिला मंडल  कार्यकारणी  सदस्य श्रीमती वंदना गायकवाड (प्रबंधक), श्रीमती भारती वर्मा (कोषाध्यक्ष), श्रीमती राजेश्वरी कुशवाहा (सचिव), श्रीमती ज्योति परवार, श्रीमती संध्या कर्नाड सहित शाला की शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती मनीषा पंवार ने किया।