जबलपुर। जिले में नहर में नहाने के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बालक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। पनागर थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से जान गंवाने वाले युवक की पहचान दीपचंद भूमिया के रूप में हुई है। वहीं, खमरिया थाना क्षेत्र की उमरिया नहर में बबलू ठाकुर का 10 वर्षीय बेटा आशीष ठाकुर नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। बालक की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पनागर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपचंद नशे की हालत में नहाने के लिए नहर में उतरा था और नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में पहुंच गए। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके। सोमवार करीब 8 बजे झुरझुरू के पास दीपचंद का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में पानी में जाने के दौरान डूबने से मौत होने की आशंका जताई गई है।
10 वर्षीय बालक नहर में डूबा……………….
दूसरी घटना खमरिया थाना क्षेत्र की उमरिया नहर की है। पुलिस के अनुसार, बबलू ठाकुर का 10 वर्षीय बेटा आशीष ठाकुर अपने कुछ दोस्तों के साथ नहर के पास गया था। दोपहर में नहाते समय वह अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और संतुलन खोकर गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी की धारा के साथ बह गया। साथ मौजूद बच्चों से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू कराई। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर नहर में खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन पानी का तेज बहाव बचाव कार्य में बाधा बन रहा है। सीएसपी सतीश साहू के मुताबिक, बालक की तलाश जारी है।