दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म की आराधना

जबलपुर। दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन रविवार को श्री 1008 महावीर स्वामी जिनमंदिर, धर्मातयन, श्री महावीर स्वामी मार्ग में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ उत्तम सत्य धर्म की आराधना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान जिनेंद्र देव का पूजन-अर्चन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंचतीर्थ जिनालय में जलाभिषेक से हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान का अभिषेक कर विश्व शांति और आत्मकल्याण की कामना की। इसके बाद प्रशांत भैया एवं अजित भैया के नेतृत्व में सामूहिक पूजन हुआ, जिसमें पुरुषों और महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।मुंबई से आए विद्वान पंडित विपिन  शास्त्री के सानिध्य में दशलक्षण महापर्व के विभिन्न धर्मों के आध्यात्मिक महत्व पर प्रवचन दिए जा रहे हैं। उत्तम सत्य धर्म के प्रसंग में उन्होंने कहा कि सत्य को केवल वाणी तक सीमित न रखते हुए विचार, व्यवहार और आचरण में भी अपनाना चाहिए।
जैन युवा फेडरेशन के धर्मप्रचारक नितिन जैन एवं निशांत जैन ने बताया कि महापर्व के दौरान प्रतिदिन धर्मातयन जिनमंदिर में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को पाटन रोड स्थित ज्ञानातयन जिनमंदिर में क्षमावाणी पर्व का आयोजन होगा। इस अवसर पर जबलपुर के मुमुक्षु परिवार द्वारा परस्पर क्षमा मांगने और क्षमा प्रदान करने के साथ मैत्री, सद्भाव एवं आत्मशुद्धि का संदेश दिया जाएगा।सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे हैं।